अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में कई देशों पर टैरिफ लागू किया था. जिसके बाद अब शुक्रवार को ट्रप ने अपने फैसले पर यू-टर्न ले लिया है. ट्रंप ने रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली दर्जनों चीजों पर टैरिफ कम कर दिया है. ये फैसला इस वजह से लिया गया क्योंकि अमेरिका में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम आसामान छू रहे थे. हालांकि टैरिफ कम हो जाने के बाद अमेरिकी लोगों को बड़ी राहत मिली है. आपको बता दें कि टैरिफ लागू करते समय ट्रंप और उनके प्रशासन का ये कहना था कि इसकी वजह से उपभोक्ता कीमतों में इजाफा नहीं होगा. मगर इस नियम के नतीजे बिल्कुल उलट आए. जिसका असर ये हुआ कि कंज्यूमर्स प्रोडक्ट्स कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है.
बीफ, कॉफी समेत कई वस्तुओं पर टैरिफ कम
वहीं ट्रंप ने बीफ, कॉफी और ट्रॉपिकल फ्रूट समेत कई वस्तुओं पर टैरिफ कम कर दिया है. इस महीने अमेरिका में नॉन ईयर इलेक्शन के दौरान आर्थिक चिंताओं का मुद्दा गर्माया था, जिसमें वस्तुओं की कीमतों को लेकर अमेरिकी नागरिकों में नाराजगी साफ दिखाई दी थी. इसका असर ये हुआ कि वर्जीनिया और न्यू जर्सी में डेमोक्रेट्स को बड़ी जीत मिल गई.
ब्राजील पर भारी टैरिफ के कारण बढ़े बीफ के दाम
दरअसल अमेरिका में बीफ की रिकॉर्ड ऊंची कीमतें एक खास चिंता का विषय रही हैं. इसको लेकर ट्रंप ने कहा है कि वह इन्हें कम करने के लिए कार्रवाई करने का इरादा रखते हैं. अमेरिका के लिए बीफ का प्रमुख निर्यातक ब्राज़ील है. ब्राजील पर भारी टैरिफ की वजह से अमेरिका में इसके दाम तेजी से बढ़ गए हैं.
इन चीजों पर टैरिफ हुआ कम
अधिकारिक तौर पर जारी किए गए आदेश के मुताबिक बीफ, कॉफी और फलों के अलावा, चाय, फलों के रस, कोको, मसालों, केले, संतरे, टमाटर और कुछ उर्वरकों पर लगे टैरिफ भी हटा दिए गए हैं. इनमें से कुछ उत्पाद संयुक्त राज्य अमेरिका में उत्पादित नहीं होते हैं. वहीं अब ये उम्मीद की जा रही है कि इन चीजों के दाम में गिरावट आ सकती है.
समझौते पर ट्रंप ने किए हस्ताक्षर
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह घोषणा करने के बाद कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. इसमें कहा गया था कि अमेरिका ने इक्वाडोर, ग्वाटेमाला, अल सल्वाडोर और अर्जेंटीना के साथ उन देशों में उत्पादित कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने के लिए रूपरेखा समझौते किए हैं. इस हफ्ते की शुरुआत में ही ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह कॉफ़ी के आयात को बढ़ाने के लिए उस पर शुल्क कम कर देंगे.