
Trump new tariff announcement: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बड़ा आर्थिक फैसला लेते हुए चीन पर 100% नया टैरिफ लगाने का ऐलान किया, जिससे ग्लोबल मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि 1 नवंबर 2025 से चीन से आने वाले सभी “महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर” पर एक्सपोर्ट कंट्रोल और अतिरिक्त कर लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि यह कदम चीन की उन नीतियों के जवाब में है, जिनके तहत वह रेयर अर्थ मिनरल्स (दुर्लभ खनिजों) पर निर्यात नियंत्रण लागू कर रहा है। फिलहाल अमेरिका 30% टैक्स वसूलता है, लेकिन ट्रंप की नई नीति के बाद यह दर 130% तक पहुंच जाएगी।
क्रिप्टो बाजार में जबरदस्त गिरावट
ट्रंप के ऐलान का सबसे बड़ा असर क्रिप्टोकरेंसी बाजार पर देखने को मिला। बिटकॉइन की कीमत 10% से ज्यादा गिरकर 1,10,000 डॉलर से नीचे पहुंच गई, बाद में हल्का सुधार होकर यह 1,13,096 डॉलर पर ट्रेड हुआ। वहीं, इथेरियम में 11.2% की गिरावट दर्ज की गई और यह 3,878 डॉलर पर पहुंच गया। BNB, Solana और XRP जैसी प्रमुख डिजिटल करेंसी भी 14% से 18% तक टूट गईं। मार्केट विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रेड वॉर के खतरे से निवेशकों ने जोखिम वाले निवेशों—जैसे क्रिप्टो और टेक स्टॉक्स—से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।
शेयर बाजार में भी आई मंदी की लहर
क्रिप्टो के साथ अमेरिकी शेयर बाजारों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। S&P 500 इंडेक्स 2.71%, Nasdaq 3.56% और Dow Jones करीब 1.9% टूट गया। लंदन के FTSE 100 में भी 0.9% की गिरावट दर्ज हुई। विशेषज्ञों के अनुसार, ट्रंप का यह कदम अमेरिका और चीन के बीच नई आर्थिक जंग का संकेत देता है। उधर, चीन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी जहाजों पर अतिरिक्त पोर्ट शुल्क लगाने की घोषणा कर दी है। इससे वैश्विक व्यापार में और तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।