अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार रात कहा कि अमेरिका पहले वेनेजुएला के हालात को संभालेगा और उसके तेल क्षेत्र को फिर से खड़ा करेगा। इसके बाद ही वहां चुनाव कराए जा सकेंगे। उनका कहना है कि निकोलस मादुरो के लंबे शासन में देश पूरी तरह टूट चुका है और अभी चुनाव कराना संभव नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह बातें फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम हैनिटी में दिए साक्षात्कार में कहीं। मादुरो को पकड़ने वाली अमेरिकी कार्रवाई के बाद यह उनका पहला टीवी इंटरव्यू था। ट्रंप ने कहा कि मादुरो के खिलाफ कदम उठाना मुश्किल फैसला नहीं था। उन्होंने कहा, यह कोई मुश्किल फैसला नहीं था। डेमोक्रेट्स भी उसे चाहते थे और रिपब्लिकन भी, और किसी के पास उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं थी।
97 प्रतिशत ड्रग्स को खत्म कर दिया
ट्रंप ने मादुरो पर आरोप लगाया कि उसने अपराधियों और नशीले पदार्थों को अमेरिका भेजा। उनका कहना था कि मादुरो ने अपने देश की जेलों और मानसिक अस्पतालों, पागलखानों से लोगों को अमेरिका की ओर भेज दिया। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद समुद्र के रास्ते आने वाले नशे की तस्करी में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा, हमने पानी के रास्ते आने वाली 97 प्रतिशत ड्रग्स को खत्म कर दिया है।
ट्रंप ने इस ऑपरेशन को बहुत जोखिम भरा बताया
ट्रंप के अनुसार, वेनेजुएला में की गई कार्रवाई में अमेरिका का कोई सैनिक नहीं मारा गया। मादुरो को बिना किसी बड़ी हानि के पकड़ लिया गया। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि दो बहादुर हेलीकॉप्टर पायलट गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन अब वे ठीक हैं। ट्रंप ने इस ऑपरेशन को बहुत जोखिम भरा बताया। उन्होंने कहा, घर एक किले के बीच में था, जिसमें हजारों सैनिक थे। हम सीधे किले के बीच में गए। कौन सोचेगा कि आप ऐसा कर सकते हैं और किसी की जान नहीं जाएगी? उन्होंने इस पूरे अभियान में शामिल अमेरिकी अधिकारियों और सैन्य कमांडरों की तारीफ की और कहा कि सभी ने शानदार काम किया।
ट्रंप ने कहा कि अब वेनेजुएला के तेल क्षेत्र की जिम्मेदारी अमेरिका के पास है। अमेरिका वहां तेल उद्योग और उससे जुड़ी पूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा बनाएगा। उन्होंने दावा किया कि एक ही दिन में चार अरब डॉलर मूल्य का तेल अमेरिकी नियंत्रण में लिया गया है और आगे यह आंकड़ा और बढ़ेगा। अमेरिका की बड़ी तेल कंपनियां वेनेजुएला के ऊर्जा तंत्र को फिर से बनाने में मदद करेंगी और पूरा तेल ढांचा नया खड़ा किया जाएगा।