आज सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय संकेतों और अमेरिका से आई खबरों का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि वह यूरोपीय यूनियन पर 10 फीसदी नया टैरिफ नहीं लगाने जा रहे हैं। इस बयान के बाद सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की मांग कमजोर हुई और कीमतों में दबाव बन गया। इसी वजह से निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी।
MCX पर सोने का आज का हाल
एमसीएक्स पर 5 फरवरी की डिलीवरी वाला सोना आज बड़ी गिरावट के साथ खुला। पिछले सत्र में सोना 1,52,862 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। आज यह 1,51,557 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,49,400 रुपये का निचला स्तर और 1,53,784 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ। सुबह 10.00 बजे सोना 3,278 रुपये की गिरावट के साथ 1,49,584 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
चांदी भी नहीं बची गिरावट से
चांदी की कीमत में आज और भी तेज गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 मार्च की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 3,18,492 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। आज इसकी शुरुआत 3,19,843 रुपये से हुई। कारोबार के दौरान चांदी 3,05,753 रुपये के निचले स्तर तक फिसल गई जबकि ऊपरी स्तर 3,25,602 रुपये रहा। सुबह 10.11 बजे चांदी 6,959 रुपये की गिरावट के साथ 3,11,533 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी।
ये भी पढ़ें : Trump के एक इशारे से बदल गया माहौल, तीन दिन की गिरावट टूटी, शेयर बाजार में लौटी जबरदस्त रौनक
कीमत गिरने की बड़ी वजह क्या है
हफ्ते की शुरुआत में सोना ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था लेकिन ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली शुरू हो गई। ट्रंप के बयान से यूरोप और अमेरिका के बीच ग्रीनलैंड को लेकर चल रहा तनाव कम हुआ है। तनाव घटते ही निवेशकों ने सुरक्षित निवेश से दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ जिससे सोने और चांदी पर और दबाव पड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में करीब 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
आगे बाजार का क्या रुख हो सकता है
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना हमेशा आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता में सुरक्षित निवेश माना जाता है। 2025 में सोने की कीमतों में करीब 64 फीसदी की बढ़त देखी गई थी और 2026 में अब तक 11 फीसदी का उछाल आ चुका है। हालांकि इस हफ्ते डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव अमेरिका के बेरोजगारी आंकड़े और वैश्विक तनाव के कारण बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है।
आज शहरों में सोने का भाव
दिल्ली में 22 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,14,968 रुपये और 24 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,25,408 रुपये पर है।
मुंबई में 22 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,14,848 रुपये और 24 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,25,288 रुपये है।
चेन्नई में 22 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,14,328 रुपये और 24 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,25,816 रुपये दर्ज किया गया है।
हैदराबाद में 22 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,14,848 रुपये और 24 कैरेट सोना 8 ग्राम के लिए 1,25,288 रुपये पर कारोबार कर रहा है।