अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ नीति को लेकर बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। ट्रंप ने कहा है कि आयात शुल्क यानी टैरिफ के जरिए अमेरिका को 600 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की कमाई होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। ट्रंप का कहना है कि टैरिफ नीति अमेरिका के लिए सिर्फ राजस्व का जरिया नहीं बल्कि ताकत दिखाने का हथियार भी बन चुकी है।
ट्रुथ सोशल पर ठोकी ताल
डोनाल्ड ट्रंप ने यह दावा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए किया। उन्होंने लिखा कि अमेरिका टैरिफ के रूप में 600 अरब डॉलर से ज्यादा हासिल करने वाला है। ट्रंप ने यह भी कहा कि फेक न्यूज़ मीडिया इस सच्चाई को छिपाने की कोशिश कर रहा है क्योंकि वह अमेरिका से नफरत करता है। उनके मुताबिक मीडिया सुप्रीम कोर्ट में टैरिफ से जुड़े मामलों में भी दखल देने की कोशिश कर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नजर
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि टैरिफ से जुड़ा सुप्रीम कोर्ट का फैसला अमेरिका के इतिहास के सबसे अहम फैसलों में से एक साबित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें इस फैसले को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। ट्रंप के अनुसार टैरिफ नीति को कमजोर करना दरअसल अमेरिका की आर्थिक ताकत को कमजोर करने की साजिश है।
ये भी पढ़ें : Train में बिना टिकट सफर पड़ा भारी, रेलवे ने यात्रियों से वसूले 155 करोड़ रुपये, आंकड़े देख चौंक जाएंगे
आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा का तर्क
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि टैरिफ लागू होने के बाद अमेरिका की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। उनका दावा है कि इससे देश न सिर्फ आर्थिक रूप से बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी ज्यादा सुरक्षित हुआ है। ट्रंप के मुताबिक टैरिफ की वजह से अमेरिका का वैश्विक सम्मान और प्रभाव भी बढ़ा है और अब दूसरे देश अमेरिका को हल्के में नहीं ले सकते।
दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में बड़ा कदम
अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के कुछ ही महीनों में ट्रंप ने कई देशों से आने वाले आयात पर नए टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। उनका तर्क था कि दशकों से अमेरिका के साथ अनुचित व्यापारिक व्यवहार किया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि कई देश अमेरिकी उत्पादों पर भारी शुल्क लगाते हैं और अमेरिका को नुकसान पहुंचाते हैं। टैरिफ नीति इसी असंतुलन को ठीक करने के लिए लाई गई है।
भारत पर भी टैरिफ का असर
इस नीति के तहत ट्रंप प्रशासन ने भारत पर भी 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया है। इसमें रूस से तेल खरीद को लेकर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है। हालांकि इसके बावजूद भारत की आर्थिक रफ्तार पर इसका खास असर नहीं दिखा है। हाल में जारी जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था दबाव के बावजूद आगे बढ़ रही है। ट्रंप के इस बयान के बाद एक बार फिर वैश्विक व्यापार नीति पर बहस तेज हो गई है।