अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी वैश्विक टैरिफ नीति को अमेरिका की खुशहाली का कारण बताया। उन्होंने कहा दावा किया है कि इन शुल्कों की वजह से अमेरिका समृद्ध हुआ है और विदेशी कंपनियां अपना मैन्युफैक्चरिंग कारोबार अमेरिका में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर हुई हैं। साउथ कैरोलिना के मर्टल बीच में आयोजित एक रिपब्लिकन रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने टैरिफ को अपनी पसंदीदा नीतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि इससे सरकार को राजस्व मिल रहा है और अमेरिकी लोगों के लिए नौकरियां पैदा हो रही हैं।
मुझे टैरिफ बहुत पसंद हैं
ट्रंप ने कहा कि यह मेरा सबसे पसंदीदा शब्द है। मुझे टैरिफ बहुत पसंद हैं। मुझे यह शब्द पसंद है। इसने हमें बेहद अमीर बना दिया है। राष्ट्रपति ने कहा कि टैरिफ की वजह से विदेशी कंपनियों के सामने साफ विकल्प होता है। या तो वे अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सामान पर अतिरिक्त शुल्क चुकाएं या फिर उन उत्पादों का निर्माण अमेरिका के भीतर करें।
ये भी पढ़ें: POK में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता जारी, ब्रिटेन के सांसदों की यूएन महासचिव से हस्तक्षेप की मांग
25 प्रतिशत टैरिफ देना होगा
विदेशी वाहन निर्माताओं के साथ अपनी बातचीत का उदाहरण देते हुए ट्रंप ने कहा कि मैं उनसे कहता हूं, 'आपको 25 प्रतिशत टैरिफ देना होगा।' वे कहते हैं, 'हम ऐसा नहीं कर सकते।' तब मैं कहता हूं, 'ठीक है, जरूरी नहीं है। अमेरिका आइए और अपनी कारें यहीं बनाइए।'
40 साल तक कोई नया कार कारखाना नहीं
ट्रंप के अनुसार, इस नीति की वजह से साउथ कैरोलिना और देश के अन्य हिस्सों में मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर का निवेश आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि हमने 40 साल तक कोई नया कार कारखाना नहीं बनाया था। और अब हम अपने इतिहास में पहले से कहीं ज्यादा कार प्लांट और फैक्ट्रियां बना रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि इस समय अमेरिका में कुल 19.2 ट्रिलियन डॉलर का निवेश आ रहा है। हालांकि, उपलब्ध विवरण में इस आंकड़े का पूरा ब्योरा, निवेश करने वाली कंपनियों के नाम या समय अवधि की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि अभी अमेरिका में 19.2 ट्रिलियन डॉलर का निवेश हो रहा है। किसी भी देश में किसी भी समय इतना निवेश नहीं हुआ है। ट्रंप ने इस निवेश को निर्माण क्षेत्र में बढ़ती नौकरियों से भी जोड़ा।
40,000 डॉलर की बढ़ोतरी हुई
उन्होंने कहा कि निर्माण क्षेत्र की नौकरियां तेजी से बढ़ रही हैं क्योंकि ये सभी प्लांट और फैक्ट्रियां बन रही हैं। देशभर में सैकड़ों, शायद हजारों फैक्ट्रियां तैयार की जा रही हैं। राष्ट्रपति ने दावा किया कि विनिर्माण क्षेत्र कई वर्षों में सबसे तेज गति से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके चुनाव जीतने के बाद शेयर बाजार 80 बार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है और एक सामान्य रिटायरमेंट खाते की औसत कीमत में लगभग 40,000 डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।