
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत 96 देशों पर भारी टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने का फैसला किया है, जो अब 7 अगस्त 2025 से लागू होगा. इससे पहले यह टैरिफ 1 अगस्त से लागू होना था, लेकिन फिलहाल इसे कुछ दिन के लिए टाल दिया गया है.
किन देशों पर कितना असर?
'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा असर ब्राजील पर होने की बात कही जा रही थी, लेकिन व्हाइट हाउस द्वारा जारी नई सूची में सीरिया सबसे ज्यादा प्रभावित बताया गया है. अमेरिका ने सीरिया पर 41 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है. इसके बाद लाओस और म्यांमार पर भी 40-40 प्रतिशत, स्विट्जरलैंड पर 39 प्रतिशत और इराक पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है.
भारत और पाकिस्तान पर भी टैरिफ
भारत पर 25 प्रतिशत और पाकिस्तान पर 19 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है. अमेरिका का दावा है कि भारत बहुत अधिक आयात शुल्क वसूलता है, जिससे अमेरिका को नुकसान होता है. ट्रंप चाहते हैं कि भारत अमेरिका के साथ कृषि और डेयरी उत्पादों को भी शामिल करते हुए एक व्यापक व्यापार समझौता करे. हालांकि भारत फिलहाल इस पर तैयार नहीं है और सरकार ने साफ कहा है कि राष्ट्रहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
टॉप 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
1. सीरिया – 41%
2. लाओस– 40%
3. म्यांमार – 40%
4. स्विट्जरलैंड – 39%
5. इराक – 35%
6. सर्बिया – 35%
7. अल्जीरिया – 30%
8.बोस्निया एंड हर्जेगोविना – 30%
9. लीबिया – 30%
10. दक्षिण अफ्रीका– 30%
इसके अलावा, बांग्लादेश पर 20%, कंबोडिया पर 19%, कोस्टा रिका और घाना पर 15-15% टैरिफ लगाया गया है.
नतीजे क्या हो सकते हैं?
टैरिफ लागू होने से इन देशों की अमेरिका में होने वाली एक्सपोर्ट महंगी हो जाएगी, जिससे व्यापार पर असर पड़ेगा. यह अमेरिका का रणनीतिक कदम माना जा रहा है ताकि दूसरे देश व्यापार समझौतों के लिए अमेरिका की शर्तें मानें. भारत की तरफ से प्रतिक्रिया में कहा गया है कि देश अपने आर्थिक हितों की रक्षा करेगा और जल्दबाज़ी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा.