Throat Mucus Home Remedies: बदलते मौसम या सर्दी-जुकाम की वजह से अक्सर गले में कफ जमने की समस्या हो जाती है। इसकी वजह से बार-बार गला साफ करने की इच्छा होती है, गले में खराश रहती है, भारीपन महसूस होता है और कुछ भी निगलने में परेशनी होती है। कई बार सुबह उठते समय यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। इसकी वजह से बोलने में भी दिक्कत होती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान घरेलू उपायों को अपनाकर इस समस्या से निजात पा सकते हैं।
गुनगुना पानी
गले में कफ जमने पर दिनभर भरपूर मात्रा में गुनगुना पानी पीना चाहिए। क्योंकि गुनगुना पानी गले को राहत देता है और कफ को पतला करने में मदद करता है। जिससे वह आसानी से बाहर निकल जाता है। इसके अलावा आप सूप या अन्य गर्म चीजें भी ले सकते हैं।
नमक पानी से गरारे
गले में खराश होने पर एक गिलास गुनगुने पानी में थोड़ा सा नमक मिलाकर गरारा करना चाहिए। इससे कफ की समस्या दूर होती है। छोटे बच्चों से गरारे तभी करवाएं, जब वे सुरक्षित तरीके से कर पाएं।
ह्यूमिडिफायर का करें इस्तेमाल
अगर नाक बंद है और गले में कफ है, तो कमरे में साफ ह्यूमिडिफायर चलाकर हवा में नमी बनाए रखने से आराम मिल सकता है। उबलते पानी के बर्तन से सीधे भाप न लें, इससे जलने का खतरा रहता है।
शहद का सेवन
खांसी के साथ गले में दिक्कत होने पर 1 साल से बड़े लोग थोड़ा शहद ले सकते हैं। एक साल से छोटे बच्चे को शहद बिल्कुल न दें। इस बात का ध्यान रखें कि घरेलू उपाय सिर्फ लक्षणों को कम करने में मदद करते हैं। यह हर तरह के कफ का पक्का इलाज नहीं है।
यह भी पढ़ें: Health News: 1 साल के बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक; जानिए किस उम्र में कितना प्रोटीन है जरूरी
कब करें डॉक्टर से संपर्क
कफ के साथ सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द या खून आए, तेज बुखार हो, खांसी बढ़ती जाए या कई दिन तक आराम न मिले तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
इन बातों का रखें खास ध्यान
धुम्रपान और धुएं वाली जगहों से दूर रहें, क्योंकि इससे गले और सांस की नलियों में जलन बढ़ती है।
बिना डॉक्टर की सलाह के कभी भी एंटी बायोटिक या सिरफ जैसी दवाएं न लें। इसके अलावा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और जिन्हें पहले से सांस की बीमारी है, उनके लक्षणों को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।