
Russia Ukraine war: रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर गहमागहमी बनी हुई है. इसी बीच व्हाइट हाउस ने एक बड़ा दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से मिलने की इच्छा जाहिर की है. रिपोर्टों के अनुसार, यह मुलाकात युद्ध समाप्त करने की दिशा में एक अहम कदम हो सकती है. व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलीन लैविट ने कहा कि ट्रंप भी पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की दोनों से मिलने के लिए तैयार हैं. ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि यह त्रिपक्षीय बैठक जल्द ही किसी न्यूट्रल लोकेशन पर हो सकती है.
ट्रंप-पुतिन-जेलेंस्की की संभावित बैठक पर नजरें
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने साफ किया कि रूस की ओर से यह प्रस्ताव आया है और अमेरिका इसके लिए पहले से तैयार बैठा है. इसके साथ ही एएफ़पी की रिपोर्ट में एक वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि हाल ही में अमेरिकी राजनयिक बीट फॉक्स की मास्को यात्रा के बाद ट्रंप और जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत हुई है. इस वार्ता में नाटो, ब्रिटेन, जर्मनी और फिनलैंड जैसे देशों की भागीदारी की भी संभावना जताई गई है. अगर यह बैठक होती है तो यह युद्ध खत्म करने की दिशा में अब तक की सबसे अहम पहल हो सकती है.
यह भी देखेंःCM Yogi: योगी का विपक्ष पर तीखा वार, ग से गणेश बनाम ग से गधा, अटल स्कूल से दिया बड़ा संदेश"
भारत पर टैरिफ बढ़ाने का असर भी चर्चा में
इस बीच अमेरिका द्वारा भारत से आने वाले उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा ने अलग ही हलचल मचा दी है. इससे अब भारतीय सामानों पर कुल 50% टैक्स लगने लगेगा, जिससे भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर असर पड़ सकता है. ऐसे में अगर ट्रंप-पुतिन-जेलेंस्की की मुलाकात होती है, तो वैश्विक राजनीति में कई नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं, जिनमें व्यापार, सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति सबसे अहम मुद्दे हो सकते हैं.