मेरठ। ट्यूशन के दौरान टीचर ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी छात्रा की अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी कर रहा था। पुलिस ने पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर पर टीचर और उसके परिजनों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा के पिता ने नौचंदी थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 12वीं की छात्रा है। एक साल से आरोपी शिक्षक के यहां ट्यूशन पढ़ने जाती थी। इसी दौरान शिक्षक ने उसके साथ गलत हरकत की। परिजनों ने बताया, चार महीने पहले बेटी के व्यवहार में बदलाव आ गया था और वह गुमसुम रहने लगी थी। पूछने पर वह तबीयत खराब बात थी। पिता ने बताया, जब मामले की जांच की गई तो उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली।
पीड़ित पिता ने बताया, आरोपी टीचर ने ट्यूशन के दौरान बेटी के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना ली थी। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़ित परिवार ने बताया, दो दिन पहले उनके घर एक लिफाफा पहुंचा। उसमें छात्रा और आरोपी से संबंधित विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र और कुछ अन्य दस्तावेज थे। नौचंदी थाना पुलिस ने बताया, पीड़िता के पिता ने आरोपी शिक्षक उसकी मां, बहन और बहनोई पर शामिल होने के आरोप लगाए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।