Twisha Sharma Case Last 90 Minutes- भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI की चार्जशीट ने घटनाक्रम को नया मोड़ दिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक ट्विशा की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। 30 पन्नों की चार्जशीट में मौत से पहले के करीब 90 मिनट, WhatsApp मैसेज, CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और वैवाहिक विवाद से जुड़े कई पहलुओं का जिक्र है। एजेंसी ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
मौत से पहले भाभी को भेजा आखिरी मैसेज
CBI के मुताबिक 12 मई की रात करीब 9:20 बजे ट्विशा ने अपनी भाभी राशि को फोन किया था। वह रो रही थी और उसने पति समर्थ के कथित आक्रामक व्यवहार की जानकारी दी। 9:29 बजे दोबारा फोन आया, लेकिन वह ठीक से बात नहीं कर सकी। इसके कुछ मिनट बाद 9:36 बजे उसने भाभी को एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए लिखा कि उसे शांति से मरने दिया जाए। इसके बाद 9:40 बजे CCTV में वह अकेली छत की ओर जाती दिखाई दी।
पिता-मां को भी किया था फोन
चार्जशीट के मुताबिक छत की तरफ जाने के बाद ट्विशा ने 9:41 बजे अपने पिता को फोन किया। उसने कथित तौर पर बताया कि समर्थ बहुत आक्रामक हो गया है और परिवार को तुरंत भोपाल आने के लिए कहा। रात 10:05 बजे उसने अपनी मां से भी बात की। बेटी के रोने से परेशान मां ने इसके बाद समर्थ और ट्विशा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन का जवाब नहीं मिला। करीब 10:10 बजे उन्होंने ट्विशा की सास गिरिबाला को फोन कर उसे देखने के लिए कहा।
छत से नीचे लाकर अस्पताल पहुंचाया गया
CBI की टाइमलाइन के अनुसार गिरिबाला रात 10:16 बजे कमरे से बाहर निकलीं और 10:18 बजे ट्विशा को फोन किया। इसके बाद 10:21 बजे उन्होंने समर्थ से बात की। CCTV में 10:23 बजे दोनों को छत की तरफ जाते देखा गया। इसके बाद ट्विशा को नीचे लाया गया और एम्स भोपाल ले जाया गया। रात 10:55 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें मौत का कारण फांसी के कारण दम घुटना बताया गया और शरीर पर मारपीट के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई।
शादी के बाद रिश्ते में बढ़ता गया तनाव
चार्जशीट के अनुसार ट्विशा और समर्थ की मुलाकात फरवरी 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की। CBI का आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा को उसके पुराने रिश्तों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियों और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। जांच में यह भी कहा गया है कि ट्विशा जब अपनी सास से पति के व्यवहार की शिकायत करती थी, तो वह कथित तौर पर अपने बेटे का पक्ष लेती थीं।
प्रेग्नेंसी को लेकर भी हुआ विवाद
जांच में अप्रैल-मई 2026 के दौरान प्रेग्नेंसी को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख है। चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा ने गर्भावस्था खत्म करने का फैसला किया था। अस्पताल में काउंसलिंग के दौरान उसने अपनी सास पर अबॉर्शन को लेकर दबाव बनाने और अपमानजनक शब्द कहने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, CBI ने पति के व्यवहार और इस पूरे घटनाक्रम को कथित मानसिक प्रताड़ना के बड़े हिस्से के तौर पर जांच में शामिल किया है।
20 लाख रुपये के शेयर को लेकर भी विवाद
मामले में आर्थिक विवाद का एंगल भी सामने आया है। चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा के डिमैट अकाउंट में करीब 20 लाख रुपये के शेयर थे। आरोप है कि पति और सास उस रकम को एक ज्वाइंट अकाउंट में ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे। ट्विशा ने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार कर दिया था। मौत वाले दिन शाम को भी उसने अपनी भाभी से वित्तीय दबाव को लेकर बात की थी।
जाने की तैयारी के बाद भी नहीं बच सकी ट्विशा
चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा ने 12 मई को भोपाल छोड़ने की योजना बनाई थी। उसने राजस्थान के नासिराबाद जाने के लिए ट्रेन टिकट भी बुक किया था। बाद में पति के साथ मैरिज काउंसलिंग हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। शाम को उसने अपनी मां से फोन पर कहा कि इस शादी में अब कुछ नहीं सुधर सकता। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
CBI की जांच अभी पूरी नहीं हुई
CBI ने चार्जशीट दाखिल करने के बावजूद जांच के कुछ पहलुओं को खुला रखा है। ट्विशा के आईफोन से मिले फॉरेंसिक डेटा का विश्लेषण, घर के CCTV DVR की जांच और आरोपियों के वॉयस सैंपल का मिलान अभी बाकी बताया गया है। इसके अलावा दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या के एंगल से भी आगे जांच की अनुमति मांगी गई है। इसलिए मामले में आगे और सबूत सामने आने की संभावना बनी हुई है।