मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है। वर्चुअल सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को 29 जून तक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस बीच जांच एजेंसी की नजर डिजिटल साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी टिकी हुई है।
29 जून तक रिमांड पर रहेंगे दोनों आरोपी
मामले की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की गई। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले में कई पहलुओं की जांच अभी बाकी है और दोनों आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जरूरत है। अदालत ने दलीलों पर विचार करते हुए गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को 29 जून तक रिमांड पर भेजने की अनुमति दे दी।
दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, ट्विशा शर्मा के परिजनों ने दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी थी। इस पर जांच एजेंसी ने बताया कि उन्हें भी अब तक दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जांच की दिशा और स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हर सुनवाई में इंसाफ की उम्मीद लेकर पहुंच रहे परिजन
ट्विशा शर्मा के माता-पिता और अन्य परिजन सुनवाई के दौरान भोपाल पहुंचे। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और हर सुनवाई में शामिल हो रहे हैं। सुरक्षा कारणों को देखते हुए मामले की सुनवाई बंद कमरे में वर्चुअल माध्यम से की जा रही है।
डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एजेंसी को कुछ ऐसे अहम संकेत मिले हैं, जिनसे डिजिटल साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से दोनों आरोपियों से दोबारा पूछताछ की आवश्यकता बताई गई है। जांच एजेंसी अब इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूतों की गहन पड़ताल कर रही है।
हत्या या आत्महत्या, इसी सवाल का जवाब तलाश रही जांच
12 मई को अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा अपने ससुराल में मृत अवस्था में मिली थीं। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग भी उठी। फिलहाल जांच एजेंसी का पूरा ध्यान इस बात का पता लगाने पर है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे किसी साजिश की कहानी छिपी है। जांच अंतिम चरण में बताई जा रही है और अब पूरे देश की नजर आने वाले खुलासे पर टिकी हुई है।