एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
करीब 18 लाख रुपये ठग लिए
साइबर थाना पुलिस के अनुसार 11 जून 2025 को विकास कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी बी-45, बी ब्लॉक रंगपुरी नई दिल्ली ने शिकायत दी थी कि कुछ लोगों ने खुद को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का अधिकारी और कर्मचारी बताकर उसे और उसकी पत्नी मोनिका गौतम को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने एफसीआई का फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर उनसे करीब 18 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना बुलंदशहर में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन और एसपी क्राइम नरेश कुमार के पर्यवेक्षण में रविवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर दो आरोपियों को भूड़ चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते थे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स कुमार तोमर निवासी ग्राम भौपुर थाना खानपुर जनपद बुलंदशहर और दीपक शर्मा निवासी ग्राम रसूलपुर थाना जारचा जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्रों और उनके परिजनों को एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते थे और फरार हो जाते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।