सिकंदराबाद में बुधवार देर रात औद्योगिक क्षेत्र स्थित अंडरपास के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय मनोज पुत्र प्रेमपाल, निवासी गांव सुरजावली के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार छोटू और अरुण, निवासी गांव हुसैनपुर, जनपद बिजनौर, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
फैक्ट्री में होमगार्ड के रूप में कार्यरत था
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि मनोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में होमगार्ड के रूप में कार्यरत था। वह रोज की तरह देर रात काम से लौट रहा था और जोखाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही वह अंडरपास के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मनोज सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तहरीर के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
बताया गया कि मनोज अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।