Noida News: थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के एल्डिको सोसाइटी सेक्टर-150 में शनिवार-रविवार (25/26 जुलाई 2026) की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में सोसाइटी के एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई करते समय एक कर्मचारी और उसे बचाने गए सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपित ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
सफाई के दौरान वे टैंक के अंदर हो गए बेहोश
पुलिस के अनुसार घटना रात के समय हुई जब सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा (उम्र करीब 40 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, निवासी ग्राम गड़मुरा, थाना गड़मुरा, जिला करौली (राजस्थान) एसटीपी टैंक की सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान वे टैंक के अंदर बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड आकाश (उम्र करीब 22 वर्ष), पुत्र भगवानसिंह, निवासी ग्राम इटहारी, फिरोजाबाद टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क की स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों व्यक्तियों को टैंक से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौके पर शांति व्यवस्था बनी रही। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत टैंक में जहरीली गैसों या ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से हुई। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपित ठेकेदार मनोज जैन (उम्र लगभग 53 वर्ष), पुत्र अजीत प्रसाद, निवासी ए-39 अंसल सुशांत एक्वापोलिस, थाना क्रॉसिंग, जिला गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। यह हादसा सेक्टर-150 जैसे आवासीय क्षेत्रों में एसटीपी टैंकों की सफाई और सुरक्षा मानकों की कमी को लेकर सवाल खड़े करता है। पुलिस जांच जारी है।