बुलंदशहर, अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों दोस्त जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से अनूपशहर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
जानकारी के अनुसार, हादसा अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव दुराड़ू के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब नौ बजे जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां दो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि पास में एक कार पेड़ से टकराई हुई खड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से उनकी शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
बाद में मृतकों की पहचान जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव चाकला निवासी राज (21) पुत्र महेश तथा अनुज (20) पुत्र कुशल पाल के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों मित्र मोटरसाइकिल से एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए अनूपशहर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए.
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन देर रात मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.