
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जागाहेड़ी कट के निकट कार सवार हमलावरों ने दो दोस्तों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में दोनों दोस्त गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का उपचार मेरठ में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव जागाहेडी निवासी ओमकार ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर को उसके बेटे रमन का जन्मदिन था। बेटा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने गया था और पार्टी मनाने के बाद अपने साथी आशीष निवासी पीनना के साथ वापस लौट रहा था। जागाहेडी कट के पास कार सवार दो हमलावरों ने वहां पहुंचकर दोनों दोस्तों रमन और आशीष पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली रमन को हाथ में व आशीष को पैर में लगी। हमलावर कार लेकर।
मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर दो आरोपियों अभिषेक व अभिनव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों घायलों का उपचार मेरठ में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।