
Muzaffar nagar News: मुजफ्फरनगर जनपद के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव करौदा महाजन में घर में बिस्तर पर सो रहे दो मासूम भाई-बहन को बीती रात एक विषैले सांप ने डस लिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। शामली चिकित्सालय में दोनों को मृत घोषित किए जाने के बाद उनके परिजन पूरे दिन दोनों को झाड़ फूंक कर सांप का जहर उतारने वालों के पास लिए घूमते रहे। मंगलवार की सुबह दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
अस्पताल ले जाने की सलाह दी
मुजफ्फरनगर जनपद के करौदा महाजन गांव निवासी राजेश कुमार पंजाब राज्य के जालंधर जिला में नौकरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी प्रतिभा अपने 11 वर्षीय बेटी तमन्ना और 7 वर्षीय बेटे पारस और बच्चों की दादी के साथ रह रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात को दोनों बच्चे बिस्तर पर सो रहे थे। तभी किसी विषैले सांप ने बालक पारस के होंठ पर और तमन्ना की उंगली पर डस लिया। देर रात जब बच्चों को दर्द हुआ और उनके हालात हालत बिगड़ने लगी तो उन्होंने अपनी मां को जगा कर बताया। बच्चों की मां ने गांव के एक चिकित्सक को दिखाया तो उसने किसी जहरीले पदार्थ खाने का अंदेशा जताते हुए बच्चों के मुंह से आ रहे झाग और जब में चेहरे पर नीलापन आने के कारण तत्काल उन्हें शामली के अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
परिवार पर गमों का पहाड़ टूटा
घर के एक कोने में बैठे सांप पर भी ग्रामीणों की नजर पड़ी, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर जंगल में छोड़ ले जाकर दिया। परिजन दोनों बच्चों को गंभीर अवस्था में लेकर शामली अस्पताल पहुंचे, जहां अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया गया लेकिन इलाज के दौरान सोमवार 18 अगस्त की सुबह दोनों ने दम तोड़ दिया। उधर बच्चों के पिता राजेश कुमार भी शामली अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में दोनों बच्चों को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन दोनों बच्चों के शवों को झाड़-फूंक कर सांप का जहर उतारने वालों के यहां भी ले गए, लेकिन उनके द्वारा सोमवार पूरे दिन प्रयास किया गया किंतु कोई फायदा नहीं हुआ। मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में दोनों बच्चों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया है।