मेरठ में एमआईईटी कॉलेज के सामने कार ने बाइक को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार परतापुर लोकसत्य दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे दिल्ली के दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जानी थाना क्षेत्र में एमआईईटी कॉलेज के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है।
तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के रानी बाग (शाहदरा) निवासी गोपाल (23), अनिल (20) और गणेश मंगलवार रात एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए निकले थे। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक एमआईईटी कॉलेज के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उपचार के लिए अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल ने सुभारती अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे युवक गणेश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है।
आरोपी कार चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मेरठ पहुंच गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।