Hapur News: राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के अंतर्गत निजामपुर अंडरपास के ऊपर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर तक डिवाइडर से रगड़ती हुई घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के बहरामपुर के रहने वाले देव चरण (40 वर्ष) और ममता (38 वर्ष) बाइक पर सवार होकर गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर (ब्रजघाट) जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक NH-9 पर निजामपुर अंडरपास के ऊपर पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त देव चरण और ममता के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के बहरामपुर के निवासी थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने घटना की सूचना तुरंत मृतकों के परिजनों को दे दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों के हापुड़ पहुंचने के बाद ही मामले में आगे की तहरीर और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।