Bulandshahr News: सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित हाईवे-34 पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों की मौके पर ही मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान श्यामसुंदर और संजू निवासी जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र की किसी फैक्ट्री में काम करने के लिए आए थे। गुरुवार को हाईवे-34 पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे के बाद फरार वाहन की पहचान की जा सके।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।