नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शासन द्वारा चिन्हित माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों को काबू कर लिया गया और उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार की रात को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सुंदर भाटी गैंग के दो सदस्य किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता के पास ग्राम घरबरा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। अभियुक्तों ने गिरफ्तारी से बचने और भागने के प्रयास में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों अभियुक्त घायल नहीं हुए लेकिन उन्हें काबू कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ डी.के. पुत्र कवर सिंह, निवासी ग्राम कमबक्शपुर, थाना नॉलेज पार्क, जिला गौतमबुद्धनगर (उम्र 32 वर्ष) और अर्जुन पुत्र संजय, निवासी डी-239, पटपड़गंज, वाल्मीकि कॉलोनी, थाना पांडवनगर, दिल्ली (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा के अनुसार
धर्मेन्द्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर, 02 जिंदा कारतूस .32 बोर और 02 खोखा कारतूस .32 बोर (पुलिस पर फायर किए गए) बरामद हुए।
अर्जुन के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस .315 बोर और 01 खोखा कारतूस .315 बोर (पुलिस पर फायर किए गए) बरामद हुए।
दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास गंभीर है। धर्मेन्द्र उर्फ डी.के. के खिलाफ थाना ईकोटेक प्रथम में पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मामले तथा पुराना मामला धारा 25 आर्म्स एक्ट थाना बीटा-2 में दर्ज हैं। अर्जुन के खिलाफ भी थाना ईकोटेक प्रथम में मामला दर्ज है।डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन ने कहा कि यह कार्रवाई माफिया सुंदर भाटी गैंग के खिलाफ पुलिस की सतत निगरानी और जीरो टॉलरेंस नीति का नतीजा है।
पुलिस अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे तत्वों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।