
Meerut News: मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव स्याल में एक मकान में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घर में घुसकर बुजुर्ग की हत्या कर लूटपाट करने वाले दोनों बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने उनसे लूटा हुआ जेवर और नकदी भी बरामद कर लिया है।
8 दिन पहले हुई थी वारदात
एसपी देहात ने बताया आठ दिन पहले भगवानपुर थाना क्षेत्र के सयाल गांव में ब्याज का काम करने वाले बुजुर्ग तेजपाल को बदमाशों ने घर में घुसकर बंधक बना लिया था और उनके साथ मारपीट की थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने तेजपाल को मृत्यु घोषित कर दिया था। वारदात के बाद बदमाश जेवर और नगदी लूटकर भाग गए थे। वारदात की खुलसे के लिए दो टीम में गठित की गई थी।
पैर में गोली लगने से घायल हुए बदमाश
एसपी ने बताया कि रविवार तड़के चार बजे भावनपुर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि तेजपाल की हत्या के बाद लूटपाट करने वाले बदमाश माल के बंटवारे के लिए छोईया पुलिया के पास बैठे हुए हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश दी तो वहां छह बदमाश माल का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस को देखकर बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश साहिल निवासी सयाल गांव व आलीशान निवासी कांच का पुल अहमदनगर थाना लिसाड़ी गेट पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार बदमाश मौके से भाग गए। उनकी तलाश में पुलिस ने काबिग भी की, लेकिन हाथ नहीं आए। घायल बदमाशों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भिजवाए। एसपी देहात ने बताया, बदमाशों से भारी मात्रा में लूट गए जेवर, नकदी व हथियार बनाए हुए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।