गन्ने से भरे ओवरलोड की टक्कर से सेना के जवान समेत दो की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय हुआ। हादसे के बाद ट्रक दोनों को 25 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, क्योंकि तेज गति और ओवरलोड होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं कर पाया था। मरने वाले दोनों बिजनौर जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद चालक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों पर पुलिस शिकंजा नहीं कस पा रही है, जिनके कारण हादसों का अंदेशा बना रहा था।
रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास
बिजनौर जिले के लिए चांदपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुर बहमनजोरा गांव निवासी 25 वर्षीय शुभम पुत्र राजवीर सेना में जवान थे और वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। वह मंगलवार सुबह गांव के ही 27 वर्षीय मोहित उर्फ भूरा के साथ बुलेट से मेरठ आ रहे थे। मोहित के भाई रोहित की फरवरी माह में शादी तय थी, जिसकी तैयारियां चल रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, राफन गांव के चौराहा स्थित एक निजी स्कूल के सामने रोडवेज बस को ओवरटेक करने के प्रयास में बुलेट सामने से आ रहे ओवरलोड गन्ने के ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के पहिए दोनों को करीब 25 मीटर तक घिसटते हुए ले गए। हादसे की जानकारी मिलते ही सीओ पंकज लवानिया व थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है
पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते मवाना पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया, शुभम की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी, जबकि मोहित अविवाहित था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को दोनों के शव सुपुर्द कर दिए। यातायात माह में ओवरलोड ट्रक पुलिस को दिखा रहे है आइना मुख्यमंत्री के आदेश पर हादसों में मृत्यु दर को कम करने के लिए पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, लेकिन पुलिस की मौजदूगी में मवाना कस्बे में गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक लगातार आइना दिखा रहे हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुगर मिल तक गन्ना पहुंचाने वाले कुछ ठेकेदारों द्वारा ओवरलोड ट्रकों का संचालन लगातार किया जा रहा और यह सब पुलिस की आंखों के सामने हो रहा है। गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक शहर के अंदर से होकर जाते है। ओवरलोड ट्रकों से हमेशा हादसे की आशंका बना रहता है, क्योंकि क्षमता से अधिक गन्ने भरे होने के कारण ट्रक एक तरफ झुके रहते है और निर्धारित गति से तेज चलते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए है। उधर, हादसे के बाद चालक गन्ने से भरे ओलव लोड ट्रक को छोड़ कर भाग गया। ट्रक पर बख्शी ट्रांसपोर्ट कंपनी का पता अंकित है। पुलिस की चालान एप की मदद से ट्रक मालिक का नाम रवि राज बताया है, हालांकि ट्रक पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति ने वाहन से अनभिज्ञता जताई। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।