Bulandshahr News: सिकंदराबाद क्षेत्र के चोला थाना इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाजर से लदे दो ट्रैक्टर धराऊ कोल्ड स्टोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चोला गांव से पहले पीछे चल रहे ट्रैक्टर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसने आगे चल रहे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
एक ट्रैक्टर चालक की मौत
हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव कुमार (पुत्र रामनिवास), निवासी पनोडी, जिला बदायूं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी जान चली गई। शिव कुमार मजदूरी के सिलसिले में बुलंदशहर आए हुए थे।
परिजनों के अनुसार शिव कुमार की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसके चार महीने का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची चोला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरे ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। कार्यवाहक प्रभारी राज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।