मेरठ। तेज गति से आ रही स्विफ्ट और वैगनआर कार की आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसकी सूचना राहगीरों व आसपास के लोगों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोहटा थाना क्षेत्र के चौधरी चरण कांवड़ मार्ग पर गंगनहर के समीप एक नर्सरी के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार चालक भूपेंद्र सिंह निवासी बंदपुरा खेकड़ा, बागपत और वैगनआर कार चालक नवीन निवासी रसूलपुर मढ़ी रोहटा अपने-अपने वाहनों से कांवड़ मार्ग पर जा रहे थे। पूठखास नर्सरी के पास दोनों कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कई लोग घायल हुए। जिसकी सूचना राहगीरों व आसपास के लोगों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
उपचार के दौरान स्विफ्ट चालक भूपेंद्र सिंह की मौत हो गई। वैगनआर चालक नवीन और उनकी पत्नी बबीता गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद सड़क पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों हटवाकर थाने भिजवाया, जिससे यातायात सुचारु हो गया। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरु कर दी है।