Hapur News: थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एनएच 09 स्थित बछलौता फ्लाइओवर पर मंगलवार दोपहर हाइवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने एक मृतक के परिजन को सूचना दे दी है। मृतक दोनों युवक एक ही गांव के थे और दोनों नोएडा की एक कंपनी में एक साथ काम करते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मंगलवार को करीब 12 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। जब वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बछलौता फ्लाइओवर के पास पहुंचे तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर हाइवे के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही
मृतकों में से एक की पहचान मेरठ जनपद के किठौरा थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर के दीपांशु (28 वर्षीय) व प्रदीप (18 वर्ष)के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को हाइवे से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। वहीं मृतक के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजन में मचा कोहराम
सड़क हादसे में दीपांशु और प्रदीप की मौत की सूचना मिलने पर परिजन में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दीपांशु की मां नेमवती, भाई प्रिंस और बहन आंचल सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रदीप के परिजन में भी कोहराम मच गया। प्रदीप के पति नवाब, मां सुंदरी, बड़ा भाई संदीप, बहन शीतल और गुड़िया का रो रोकर बुरा हाल हो गया था। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ मृतकों के घर पर जुट गई थी।