Bulandshahr News: कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर दरियापुर पुलिस चौकी के सामने भांटगढ़ी गांव स्थित एक साबुन फैक्ट्री की दीवार से ईको वैन टकराने के कारण हुआ।
ईको वैन में लिफ्ट लेकर घर लौट रहे थे
मृतकों की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव वलीपुरा निवासी 30 वर्षीय नवीन सैनी पुत्र हुकम सिंह सैनी और नई मंडी चौकी क्षेत्र स्थित स्याना बस अड्डा निवासी 32 वर्षीय तेजेंद्र पुत्र महेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों नोएडा स्थित पोर्टवे कंपनी में नौकरी करते थे और ड्यूटी समाप्त कर सोमवार तड़के ईको वैन में लिफ्ट लेकर घर लौट रहे थे।वैन में जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव चचरई निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र बब्लू कुमार भी सवार थे, जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं वैन को संभल जनपद के थाना गुन्नौर क्षेत्र के मोहल्ला शहरखा बारादरी निवासी आदिल पुत्र जमील चला रहा था। वीरेंद्र चालक के पास आगे की सीट पर बैठा था।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
सुबह करीब साढ़े पांच बजे वैन अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित साबुन फैक्ट्री की दीवार में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नवीन और तेजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक आदिल और वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भिजवाया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने वीरेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
चालक को आई थी नींद
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके चलते ईको वैन अनियंत्रित होकर फैक्ट्री की दीवार से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो घायल हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल थाने में इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।