ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र के यूसुफपुर चक के पास शनिवार शाम हिंडन नदी में दो युवक डूब गए। दोनों नाव में रस्सी बांध रहे थे। तेज बहाव में वे बह गए। रविवार शाम तक भी शव नहीं मिलने से इलाके में मातम है।
पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ गोताखोरों-स्टीमर से तलाश कर रहे हैं।डूबने वालों की पहचान बुलंदशहर निवासी शिव राजपूत (19) और सौरव (20) के रूप में हुई। दोनों दिहाड़ी मजदूर थे और यूसुफपुर चक में किराये पर परिवार संग रहते थे।
डीसीपी का बयान
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार थाना बिसरख पर सूचना मिली कि शिव राजपूत, पुत्र नरेंद्र, निवासी गांव हाजीपुर, थाना स्याना, बुलंदशहर, वर्तमान पता यूसुफपुर चक, उम्र करीब 19 वर्ष; और सौरव, पुत्र निरंजन, निवासी गांव बिजलीपुर, थाना खुर्जा, बुलंदशहर, उम्र करीब 20 वर्ष, नदी किनारे खड़ी नाव में रस्सी बांधने की कोशिश कर रहे थे। तभी संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में समा गए। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक रस्सी टूटने पर एक युवक बहने लगा और दूसरे ने बचाने की कोशिश में छलांग लगाई। दोनों गहरे पानी और तेज धार में गायब हो गए। परिजन किनारे इंतजार में हैं।