पिकअप से पौधे लेकर जा रहे तीन युवकों की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत हो गई। इनमें मरने वाले दो युवक मवाना के है, जबकि एक शाहजहांपुर का बताया जा रहा है। मवाना के दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वह रिश्तेदारों के साथ राजस्थान रवाना हो गए। मवाना खुर्द में शाहनवाज नर्सरी का कारोबार है और उनकी नर्सरी से पौधे अन्य राज्यों में भी जाते है।
भरे डंपर ने पिकअप में टक्कर मार दी
शाहनवाज का बेटा औरंगजेब पिकअप से पौधे लेकर राजस्थान के धौलपुर जा रहा था। साथ में मवाना के मोहल्ला कल्याण सिंह, खतौलिया चौक निवासी शबाहत और मोहल्ला मुन्नालाल, भैंसा रोड स्थित वंदना विहार कॉलोनी निवासी अफसर भी औरंगजेब के साथ गए थे। इनके अलावा एक अन्य युवक भी औरंगजेब के साथ गया था। शनिवार सुबह धौलपुर से पहले रोड़ी-डस्ट से भरे डंपर ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
परिजनों में कोहराम मच गया
हादसे में 22 वर्षीय शबाहत, 24 वर्षीय अफसर के अलावा एक अन्य युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि औरंगजेब बच गया। राजस्थान पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों युवकों के परिजनों को दी। अफसर और शबाहत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रिश्तेदार पीड़ित परिवार के साथ राजस्थान के लिए रवाना हो गए। राजस्थान पुलिस ने सूचना देने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में मारा गया तीसरा युवक शाहजहांपुर का बताया गया है।