
havoc in China: चीन में ‘मैटमो टाइफून’ ने लैंडफॉल से पहले ही तबाही मचा दी है। तूफान के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने ग्वांगडोंग और हेनान प्रांतों में हाई अलर्ट जारी करते हुए अब तक 3,47,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। रविवार सुबह चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने बताया कि मैटमो की अधिकतम गति 151 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। दोपहर तक यह तूफान ग्वांगडोंग के झानजियांग क्षेत्र से टकरा गया, जिसके बाद तटीय इलाकों में तेज़ हवाओं और भारी बारिश का दौर शुरू हो गया।
ग्वांगडोंग-हेनान में रेड अलर्ट, उड़ानें और परिवहन ठप
चीन के मौसम विभाग ने तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है — जो देश की चेतावनी प्रणाली में सबसे उच्च स्तर की चेतावनी है। हेनान प्रांत में सुरक्षा के मद्देनज़र उड़ानें रद्द, स्कूल बंद और व्यवसायिक गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन ने यहां से 1.97 लाख लोगों को पहले ही सुरक्षित ठिकानों पर भेज दिया है। वहीं, ग्वांगडोंग के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 1.51 लाख लोगों की निकासी की गई। झानजियांग और आस-पास के इलाकों में समुद्र की लहरों ने सड़कों पर पानी भर दिया है। मौसम विभाग ने चेताया है कि दोनों प्रांतों में 100 से 249 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
फिलीपींस के बाद अब चीन में तबाही का खतरा
यह वही मैटमो टाइफून है, जिसने सप्ताह की शुरुआत में फिलीपींस में कहर बरपाया था। हालांकि, वहां किसी बड़ी जनहानि की खबर नहीं आई, लेकिन 2.2 लाख लोग प्रभावित हुए और करीब 35,000 लोगों को आपातकालीन आश्रयों में रहना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान अब उत्तर वियतनाम और चीन के युन्नान प्रांत की ओर बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 24 घंटे मैटमो के प्रभाव वाले इलाकों के लिए बेहद अहम होंगे।