Udit Narayan: बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। जी हां क्योंकि उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना ने बिहार के सुपौल जिले के महिला पुलिस थाने में उन पर गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। रंजना का दावा है कि मेडिकल इलाज के बहाने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका यूट्रस (गर्भाशय) निकाल दिया गया।
महिला थाने में लिखित आवेदन सौंपा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रंजना मंगलवार को अपने वकील करुणाकांत झा के साथ महिला थाने पहुंचीं और लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने उदित नारायण, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी दीपा नारायण पर आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
उदित ने दूसरी शादी कर ली
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार रंजना ने अपने आवेदन में बताया कि वह सुपौल जिले के चंद्रकांत झा की 61 वर्षीय बेटी हैं। 7 दिसंबर 1984 को उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ उदित नारायण से शादी की थी। आगे उन्होंने बताया कि 1985 में उदित नारायण सिंगिंग में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई चले गए थे। इसके बाद उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए पता चला कि उदित ने दीपा नारायण से दूसरी शादी कर ली है। हालांकि जब भी उन्होंने इस बारे में उदित से सवाल किया तो उन्होंने या तो इनकार किया या उन्हें गुमराह किया।
यह भी पढ़ें; जेल में बंद Rajpal Yadav को मिला बड़ा सहारा, क्या इंडस्ट्री और नेताओं की मदद से खत्म होगी 9 करोड़ की टेंशन?
यूट्रस निकाल दिया गया
अपने आवेदन में रंजना ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 1996 में उदित नारायण और उनके भाई उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक बड़े अस्पताल लेकर गए थे। इसी दौरान बिना उनकी जानकारी या सहमति के उनका यूट्रस निकाल दिया गया था। उन्होंने बताया कि उस समय अस्पताल में दीपा नारायण भी मौजूद थीं। रंजना के मुताबिक, उन्हें इस सर्जरी के बारे में कई साल बाद तब पता चला जब वे अन्य मेडिकल जांच के लिए डॉक्टर के पास गईं। इस खुलासे से वह स्तब्ध और मानसिक रूप से आहत हो गईं।
मायके में रह रही
आगे रंजना ने उदित नारायण पर यह भी आरोप लगाया कि 2006 में जब वह मुंबई गई थी, तो उदित नारायण और दीपा ने उनके साथ खराब व्यवहार किया और उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया। इसके बाद वे नेपाल स्थिक अपने ससुराल गई, वहां भी उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, जिससे परेशान होकर वे अपने मायके लौट पड़ा। तब से वह अपने मायके में रह रही हैं।
'मुझे न्याय मिलना चाहिए'
मीडिया से बात करते हुए रंजना ने कहा कि, 'मुझे न्याय मिलना चाहिए। उदित नारायण बार-बार वादे करते हैं, लेकिन उन्हें निभाते नहीं हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वो गांव आते हैं तो नए वादे करके चले जाते हैं, लेकिन हर बार अपने वादे से मुकर जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इन दिनों लगातार बीमार रहती हैं और उन्हें सहयोग की जरूरत है, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिल रही।