UJJAIN WORLD RECORD: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के उज्जैन में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। शिप्रा नदी के घाटों से लेकर महाकाल महालोक तक एक साथ 33 लाख 27 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजकों के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में एक साथ दीप जलाने के साथ उज्जैन ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग और वॉलंटियर्स शामिल हुए।
सायरन बजते ही रोशन हुए 33 लाख दीप
शाम करीब 7 बजे सायरन बजते ही उज्जैन के अलग-अलग घाटों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट समेत शिप्रा तट के कई हिस्से दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। महाकाल महालोक में भी दीपों की कतारों ने भव्य दृश्य पेश किया।
तीन मिनट में पूरा हुआ दीप प्रज्ज्वलन
रिपोर्टों के मुताबिक करीब 25 हजार वॉलंटियर्स ने इस विशाल आयोजन में हिस्सा लिया। सायरन के संकेत के बाद महज करीब तीन मिनट में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कुछ ही पलों में शिप्रा तट और महाकाल क्षेत्र रोशनी से भर गया।
वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र
आयोजन की उपलब्धि को लेकर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नितिन नबीन ने प्रमाण-पत्र के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इस दौरान पूरे आयोजन की भव्यता देखने लायक रही।
पूरे MP में 3.55 करोड़ दीप
यह दीपोत्सव सिर्फ उज्जैन तक सीमित नहीं रहा। रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश के 845 आइकॉनिक प्लेस समेत अलग-अलग स्थानों पर कुल 3.55 करोड़ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उज्जैन में बना 33.27 लाख दीपों का रिकॉर्ड इस प्रदेशव्यापी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।