UJJAIN GANESH PANDAL : उज्जैन जिले के बड़नगर में गणेशोत्सव के दौरान भगवान गणेश का अनोखा श्रृंगार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेवाड़ माली सेरी में स्थापित गणेश प्रतिमा और पंडाल को 21 लाख 21 हजार रुपये के असली नोटों से सजाया गया है। नोटों से बनी मालाओं और लड़ियों से सजे बप्पा के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
21 लाख 21 हजार रुपये के नोटों से सजावट
बड़नगर की मेवाड़ माली सेरी में श्री सर्व गजानंद मित्र मंडली की ओर से गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। इस बार मंडली ने पंडाल को सामान्य सजावट से अलग हटकर असली करेंसी नोटों से सजाने का फैसला किया। कुल 21 लाख 21 हजार रुपये के नोटों से गणेश प्रतिमा और पंडाल को सजाया गया है।
10 से 500 रुपये तक के नोटों का इस्तेमाल
इस अनोखी सजावट में 10, 20, 50, 100 और 500 रुपये के नए नोटों का इस्तेमाल किया गया है। इन नोटों को कलात्मक तरीके से मालाओं और लड़ियों का रूप दिया गया। प्रतिमा के साथ पूरे पंडाल की सजावट में भी इनका इस्तेमाल किया गया है, जिससे बप्पा का श्रृंगार आकर्षण का केंद्र बन गया है।
8 लोगों ने तीन दिन में तैयार किया श्रृंगार
नोटों से पंडाल सजाने का काम आसान नहीं था। जानकारी के मुताबिक आठ लोगों की टीम ने लगातार तीन दिनों तक दिन-रात मेहनत की। इसके बाद नोटों की मालाएं और लड़ियां तैयार की गईं और उन्हें पंडाल में कलात्मक तरीके से लगाया गया।
लाखों के नोटों की सुरक्षा के लिए 6 CCTV
पंडाल में इतनी बड़ी रकम के असली नोट लगाए जाने के कारण सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। पूरे पंडाल की निगरानी के लिए छह CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा मित्र मंडली के सदस्य भी बारी-बारी से 24 घंटे पंडाल की निगरानी कर रहे हैं।
दूर-दूर से दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
बप्पा के इस अनोखे रूप को देखने के लिए बड़नगर के साथ आसपास के इलाकों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में भगवान गणेश के दर्शन के साथ नोटों से की गई सजावट लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। श्रद्धालु बप्पा के जयकारों के साथ इस अनोखे श्रृंगार की चर्चा कर रहे हैं।