UJJAIN KHADHE HANUMANJI ---उज्जैन के सतीगेट स्थित प्राचीन संकटमोचन मंदिर में खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को मूल स्थान से हटाने की कोशिश तीन दिन बाद भी आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मंदिर को लेकर शुक्रवार से प्रशासनिक और तकनीकी गतिविधियां जारी हैं, लेकिन अब तक प्रतिमा को एक इंच भी नहीं हटाया जा सका है। इस बीच रविवार को दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। मंदिर के पुजारी की तबीयत बिगड़ने से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन दिन से रुकी है विस्थापन की प्रक्रिया
सड़क चौड़ीकरण के लिए मंदिर को दूसरी जगह ले जाने की कवायद शुक्रवार से शुरू हुई थी। मौके पर क्रेन और अन्य संसाधन भी पहुंचाए गए, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। फिलहाल प्रतिमा को कैनोपी और टेंट के बीच सुरक्षित रखा गया है और आसपास बैरिकेडिंग की गई है। निगम अधिकारियों के अनुसार प्रतिमा की गहराई, संरचना और स्थिति का तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है।
विशेषज्ञों की सलाह के बाद होगा फैसला
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, प्रतिमा को लेकर सभी पहलुओं का तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है। संबंधित लोगों से चर्चा और विशेषज्ञों की सलाह के बाद ही विस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी जल्दबाजी में कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही गई है।
दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु
विस्थापन की चर्चा के बीच मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, रोजाना आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है। बैरिकेडिंग और टेंट के बावजूद भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पोस्टर लगाकर प्रतिमा के साथ किसी तरह की जबरदस्ती नहीं करने की मांग की है।
हनुमान चालीसा का पाठ, भावनाओं का मुद्दा गरमाया
मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आस्था का भाव लगातार दिखाई दे रहा है। युवक कांग्रेस की ओर से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और प्रतिमा को सुरक्षित रखने की मांग की गई। मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि भक्तों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ही आगे का फैसला होना चाहिए। महापौर के मौके पर पहुंचने और भावनाओं का ध्यान रखने का आश्वासन दिए जाने की भी बात कही गई है।
तनाव के बीच पुजारी की तबीयत बिगड़ी
मंदिर के पुजारी महेश बैरागी की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें पाटीदार अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि वे पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। पिछले दो-तीन दिनों से मंदिर के विस्थापन को लेकर चल रही गतिविधियों और तनाव के बीच उनकी तबीयत खराब हुई। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
राजसी सवारी तक कार्रवाई पर रोक
महापौर मुकेश टटवाल के अनुसार, फिलहाल खड़े हनुमान मंदिर पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। राजसी सवारी के बाद तकनीकी परीक्षण के आधार पर आगे की प्रक्रिया को लेकर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में फिलहाल प्रतिमा अपने मूल स्थान पर ही रहेगी और प्रशासन की अगली कार्रवाई तकनीकी परीक्षण की रिपोर्ट और विशेषज्ञों की सलाह पर निर्भर होगी।