UJJAIN MAHAKAL BHASMA AARTI FRAUD : बाबा महाकाल की भस्म आरती के नाम पर मेरठ के 12 श्रद्धालुओं से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं ने Google और सोशल मीडिया पर भस्म आरती की जानकारी तलाशते समय एक ट्रैवल एजेंसी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद प्रति व्यक्ति 2500 रुपए में भस्म आरती की व्यवस्था कराने की बात कही गई। श्रद्धालुओं ने UPI के जरिए कुल 30 हजार रुपए भेज दिए। इसके बाद उन्हें VVIP पास भेजे गए, जो जांच में फर्जी निकले।
Google पर विज्ञापन देखकर किया संपर्क
मेरठ निवासी रतन शर्मा समेत 12 श्रद्धालु उज्जैन में भस्म आरती में शामिल होना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन जानकारी सर्च की। इसी दौरान Google, Facebook और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें एक ट्रैवल एजेंसी का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में भस्म आरती की व्यवस्था कराने का दावा किया गया था।
UPI से दो किश्तों में भेजे 30 हजार
विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद श्रद्धालुओं की संबंधित व्यक्ति से बातचीत हुई। उन्हें प्रति व्यक्ति 2500 रुपए का शुल्क बताया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने UPI के जरिए 15-15 हजार रुपए की दो किश्तों में कुल 30 हजार रुपए का भुगतान कर दिया।
भेजे गए VVIP पास, बाद में हुआ शक
पैसे मिलने के बाद श्रद्धालुओं को VVIP भस्म आरती पास बनाकर भेजे गए। पास पर 30 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट किए जाने का उल्लेख था। जब श्रद्धालुओं ने इस पर सवाल किया तो संबंधित व्यक्ति ने कहा कि मंदिर में उसकी पहचान है और रकम का रिकॉर्ड रखने के लिए भुगतान की जानकारी लिखी गई है। उसने भस्म आरती की पूरी व्यवस्था होने का भरोसा भी दिलाया।
उज्जैन आने से पहले फोन उठाना बंद
श्रद्धालुओं के मुताबिक, उज्जैन आने से एक-दो दिन पहले उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। उज्जैन पहुंचने के बाद पास की जांच कराने पर श्रद्धालुओं को उसके फर्जी होने का पता चला।
साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत
मामले में रतन शर्मा ने मेरठ साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत का Acknowledgement Number 33109260237057 बताया गया है। अब साइबर सेल UPI लेनदेन, मोबाइल नंबर और विज्ञापन से जुड़ी ट्रैवल एजेंसी की जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।