मध्य प्रदेश के उज्जैन से कनाडा पढ़ाई के लिए गए 24 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आरोप है कि कॉलेज के कुछ युवकों ने पहले छात्र के साथ मारपीट की और फिर उस पर कार चढ़ा दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और सरकार से न्याय की मांग की जा रही है।
कनाडा में हुई दर्दनाक घटना
घटना 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में सामने आई। उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह मनीचा पर कुछ कॉलेज युवकों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पहले 10-12 युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर उस पर कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल गुरकीरत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रहा था छात्र
गुरकीरत सिंह उज्जैन के देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी के निवासी थे। वह कनाडा के एक कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के साथ-साथ वह एक बड़े रिटेल स्टोर में काम भी कर रहे थे। परिवार के अनुसार करीब सवा साल पहले वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे और भविष्य में वहीं करियर बनाने का सपना देख रहे थे।
परिवार को आखिरी बातचीत का मलाल
परिजनों के मुताबिक घटना से एक दिन पहले ही गुरकीरत ने अपने पिता से फोन पर बात की थी। उस समय पिता एक व्यावसायिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस, संदिग्धों से पूछताछ
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने शुरुआती जांच में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में कानूनी प्रक्रिया के चलते उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
गुरकीरत का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें कुछ समय लग सकता है। परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से मदद की अपील की है ताकि जल्द से जल्द बेटे का शव उज्जैन लाया जा सके और अंतिम संस्कार किया जा सके। साथ ही परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।