नए साल के स्वागत और पुराने वर्ष की विदाई के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में इस बार दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बदली नजर आएगी। अंग्रेजी नववर्ष 2026 के दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया है। प्रवेश मार्ग से लेकर सुरक्षा, चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं तक कई अहम बदलाव किए गए हैं।
नए साल पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
हर वर्ष की तरह इस बार भी 31 दिसंबर और 1 जनवरी को महाकाल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। दर्शन व्यवस्था को भीड़ के दबाव से मुक्त रखने और अव्यवस्था से बचने के लिए विशेष बैठक आयोजित कर व्यापक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
चारधाम पार्किंग से होगा प्रवेश
नववर्ष के दौरान श्रद्धालुओं को चारधाम मंदिर पार्किंग से प्रवेश दिया जाएगा। यहां से दर्शनार्थी त्रिवेणी संग्रहालय, नंदी गेट, महाकाल लोक, मानसरोवर भवन, फैसिलिटी सेंटर-1 और नई टनल के माध्यम से गणेश मंडपम पहुंचेंगे। दर्शन के बाद आपातकालीन द्वार से बाहर निकलते हुए बड़ा गणेश मंदिर, हरसिद्धि चौराहा होते हुए श्रद्धालु पुनः चारधाम पार्किंग तक पहुंचेंगे। इस दौरान करीब ढाई किलोमीटर लंबा मार्ग तय करना होगा।
भीड़ बढ़ने पर बदलेगा दर्शन मार्ग
अत्यधिक भीड़ की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी। ऐसे में श्रद्धालुओं को फैसिलिटी सेंटर-1 से सीधे कार्तिकेय मंडपम में प्रवेश दिया जाएगा और गेट नंबर 10 या निर्माल्य गेट से बाहर निकाला जाएगा। इससे भीड़ का दबाव संतुलित किया जा सकेगा।
भस्म आरती और प्रसाद व्यवस्था में बदलाव
भस्म आरती के लिए 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक ऑनलाइन बुकिंग सीमित रहेगी, वहीं 31 दिसंबर को ऑफलाइन बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। लड्डू प्रसाद की सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ा गणेश मंदिर और विक्रमादित्य टीले के पास अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत मिल सके।
सुरक्षा, चिकित्सा और सुविधाओं पर विशेष फोकस
दर्शन मार्ग और मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। खोया-पाया, पूछताछ केंद्र, जूता स्टैंड, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा सुविधा को मजबूत किया गया है। विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस, ऑक्सीजन और मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। 28 दिसंबर से 4 जनवरी तक अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।