5 Kg LPG Cylinder Subsidy : घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत देने वाला अहम निर्णय लिया है. सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को जारी रखने के साथ अब 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर पर भी अनुपातिक सब्सिडी देने को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से कम आय वाले परिवारों और छोटे उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
5 किलो सिलेंडर पर कैसे मिलेगी सब्सिडी?
सरकार के अनुसार 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर पर मिलने वाली 300 रुपये की सब्सिडी के आधार पर 5 किलो सिलेंडर की सब्सिडी तय की जाएगी. यानी छोटे सिलेंडर पर मिलने वाली राशि उसकी क्षमता के अनुपात में होगी. यह सुविधा केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध होगी. सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में इस सब्सिडी व्यवस्था के लिए 12,001 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
https://twitter.com/HardeepSPuri/status/2105268644376690913
किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
5 किलो वाला सिलेंडर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है जो एक बार में बड़े सिलेंडर का खर्च वहन नहीं कर पाते. इसमें दिहाड़ी मजदूर, प्रवासी कामगार, किराए के मकानों में रहने वाले लोग, छात्र, कम आय वाले परिवार और अकेले रहने वाले नागरिक शामिल हैं. कम गैस जरूरत वाले उपभोक्ताओं के लिए यह विकल्प अधिक सुविधाजनक और बजट अनुकूल माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें : GST Collection में फिर उछाल, सितंबर में सरकारी खजाने में आए 2 लाख करोड़ से ज्यादा
क्यों बढ़ रही है छोटे सिलेंडर की मांग?
पिछले कुछ वर्षों में छोटे परिवारों और अकेले रहने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है. ऐसे में 14.2 किलो का सिलेंडर कई बार जरूरत से ज्यादा साबित होता है. दूसरी तरफ एकमुश्त अधिक रकम खर्च करना भी कई परिवारों के लिए मुश्किल होता है. 5 किलो सिलेंडर कम लागत में उपलब्ध होने के कारण ऐसे उपभोक्ताओं की पहली पसंद बनता जा रहा है.
उज्ज्वला योजना के तहत कौन ले सकता है कनेक्शन?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वही परिवार आवेदन कर सकते हैं जिनके घर में पहले से एलपीजी कनेक्शन मौजूद नहीं है. योजना का लाभ महिला सदस्य के नाम पर दिया जाता है और आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होना जरूरी है. सरकार का उद्देश्य स्वच्छ ईंधन को अधिक से अधिक परिवारों तक
पहुंचाना है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लेने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट आकार की फोटो जैसे दस्तावेज जमा करने होते हैं. पात्र लाभार्थी नजदीकी गैस एजेंसी या निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से छोटे सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी.