Bulandshahr News: जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कुदैना जयरामपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस की चपेट में आने से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा बस से उतरकर पास की दुकान से सामान लेने गई छात्रा
जानकारी के अनुसार, गांव माधोगढ़ निवासी अमित की छह वर्षीय पुत्री दिव्यांशी देव विद्या पब्लिक स्कूल, जाड़ौल में यूकेजी की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल बस से विद्यालय जा रही थी। रास्ते में कुदैना जयरामपुर गांव में किसी कारणवश बस रुकी। इसी दौरान छात्रा बस से उतरकर पास की दुकान से सामान लेने चली गई।
परिवार में मचा कोहराम
परिजनों का आरोप है कि छात्रा के वापस बस में चढ़ने की पुष्टि किए बिना चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इसी दौरान दिव्यांशी बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।