भोपाल। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में संचालित बालिका आदिवासी छात्रावास से कक्षा आठवीं की 5 छात्राओं के एक साथ लापता होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। शनिवार रात से लापता छात्राओं की तलाश तेज कर दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस गंभीर मामले की जांच कर रहे हैं।
पाली नगर का मामला
यह मामला उमरिया जिले के पाली नगर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास का है। यहां कक्षा आठवीं की 5 छात्राएं अचानक गायब हो गईं। छात्राओं के लापता होने से छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आते ही प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रावास स्टाफ से पूछताछ शुरू की।
परिजनों का बुरा हाल
छात्राओं के लापता होने की खबर मिलते ही परिजन छात्रावास पहुंचे। कई परिजन, खासकर महिलाएं, रो-रोकर बेहाल हो गईं। उनका कहना है कि छात्रावास में रहकर बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और गहरी चिंता का माहौल है।
सरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार छात्रावास में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, इसके बावजूद छात्राओं के अचानक गायब होने पर जिम्मेदारों की भूमिका संदेह के घेरे में है। अब यह जांच का विषय है कि छात्राएं खुद भागी हैं या किसी अन्य कारण से लापता हुईं। प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए खोजबीन जारी रखी है।
जांच में जुटा प्रशासन
अधिकारियों का कहना है कि छात्राओं की खोजबीन की जा रही है और जल्द ही उन्हें सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा। फिलहाल जांच के बाद ही असल वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना से एक बार फिर छात्रावासों में सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर हुई है।