थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने गांव बहादुगढ़ स्थित मोहल्ला अंबेडकरनगर में 15 जनवरी की रात हुए उमेश(30) हत्याकांड का मंगलवार को खुलासा कर दिया। माता पिता से अभद्रता करने व शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर आवेश में आए छोटे भाई दीपांशु ने चाकू मारकर बड़े भाई उमेश की हत्या की और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आलाकत्ल चाकू बरामद किया है। एएसपी विनीट भटनागर ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक व उनकी टीम ने आरोपी दीपांशु निवासी बहादुरगढ़ को सेहल नहर पुल से गिरफ्तार किया।
माता पिता के साथ अभद्रता कर मारपीट कर रहे थे
आरोपी दीपांशु ने पूछताछ में बताया कि वह गांव स्थित एक जनसेवा केंद्र पर नौकरी करता है और उनके बड़े भाई उमेश राज मिस्त्री थे। उसके बड़े भाई शराब पीने के आदी थे। अक्सर शराब पीकर वह उनके माता पिता से अभद्रता कर घर में तोडफ़ोड़ किया करते थे। उमेश शराब पीने के लिए भी उनसे रुपये मांगते थे। 15 जनवरी को वह अपनी नौकरी करने जनसेवा केंद्र पर गया था। शाम को लौटने पर उसने देखा कि उनके बड़े भाई शराब पीकर उनके माता पिता के साथ अभद्रता कर मारपीट कर रहे थे।
माता पिता से शराब पीने के लिए भी रुपये मांगे
बार-बार उनके भाई माता पिता से शराब पीने के लिए भी रुपये मांग रहे थे। बचाव करने पर उनके भाई ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद भी उसने अपने बड़े भाई को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इससे वह अधिक आवेश में आ गया और पास में रखे चाकू से बड़े भाई की गर्दन पर वार कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजन उमेश को अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में ही उनके बड़े भाई उमेश ने दम तोड़ दिया था।