मवाना। मवाना थाना क्षेत्र के ग्राम मीवा में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीव्र मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मवाना भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आकाश पुत्र आदेश निवासी ग्राम मीवा के रूप में हुई है। बताया गया कि आकाश अविवाहित था और वह अपने साथियों पंकज व मनीष के साथ मवाना से घर लौट रहा था। गांव के पास माड़ी के समीप तीव्र मोड़ पर बाइक असंतुलित होकर पोल से टकरा गई, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे में पंकज और मनीष भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार सीएचसी मवाना में चल रहा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।