
पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर शहर कोतवाली क्षेत्र के पीनना गांव में तेज रफ्तार में ट्रक चालक ने बाइक सवार होमगार्ड को टक्कर मार दी। नीचे गिरा होमगार्ड ट्रक को रोकने के लिए ट्रक के अगले हिस्से पर चढ गया।
चालक ने ट्रक को नही रोका और होमगार्ड को लटकाए हुए ही स्पीड बढा दी। जिससे अनियंत्रित होने से ट्रक ने पहले कार में टक्कर मारी फिर बेकाबू ट्रक दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान की छत से महिला नीचे गिरकर घायल हो गयी जबकि होमगार्ड की मौत हो गयी। गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर धुनाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया।
होमगार्ड सड़क पर गिर गया
पुलिस के अनुसार पीनना गांव से खाली ट्रक को चालक तेज रफ्तार में शामली की तरफ ले जा रहा था। गांव से पहले बाइक सवार होमगार्ड 22 वर्षीय अर्जुन निवासी ग्राम रुकनपुर शहर कोतवाली को ट्रक ने टक्कर मार दी। होमगार्ड सड़क पर गिर गया। ट्रक की गति धीमी होने के कारण होमगार्ड ट्रक को रुकवाने के लिए ट्रक के अगले हिस्से पर चढ गया। उसके बाद भी चालक ने ट्रक को नहीं रोका और स्पीड बढा दी।
आगे की ओर लटका रहा
होमगार्ड ट्रक पर आगे की ओर लटका रहा। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही भाकियू नेता राजू की कार में टक्कर मार दी, जिससे वह भी घायल हो गया। कार एवन धर्मकांटे पर जाकर फंस गई। उस समय भी होमगार्ड ट्रक के अगले हिस्से पर लटका रहा। इस दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर अशोक के मकान में बनी दुकान में घुस गया। छत के एक हिस्से का मलबा सड़क पर जाकर गिरा।
दीवार और ट्रक के बीच में फंसने की वजह
छत पर टहल रही अशोक की पत्नी सुमन भी नीचे आकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। दीवार और ट्रक के बीच में फंसने की वजह से होमगार्ड अर्जुन की मौत हो गई। मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने ट्रक चालक नीरज पाल निवासी हरदोई को मौके पर पकड लिया और उसकी धुनाई करनी शुरु कर दी। जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड से छुडा लिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवा दिया है। होमगार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया