Accident in Nagpur: नागपुर के बुटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां स्थित अवाडा कंपनी के परिसर में निर्माणाधीन टैंक टॉवर अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में काम कर रहे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
इलाके को कराया गया खाली
हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी माया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। पुलिस ने एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा लिया है, ताकि किसी और तरह का खतरा न हो। दमकल विभाग की टीम ने मलबे की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि उसके नीचे कोई और मजदूर फंसा न हो। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
यह भी देखेंःAllahabad High Court: कोडीन कफ सिरप कांड में बड़ा झटका, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आरोपियों को राहत से किया इनकार
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
अवाडा कंपनी सौर ऊर्जा प्लेट और बैटरी निर्माण के क्षेत्र में काम करती है और यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि टैंक टॉवर गिरने की वजह संरचनात्मक कमजोरी थी या निर्माण में लापरवाही। साइट पर मौजूद इंजीनियरों और सुपरवाइजरों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।