नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में बड़ी सफलता हासिल करते हुए इवेंट कंपनी से चोरी हुए कीमती उपकरण बरामद कर लिए हैं। बरामद किए गए लाइट, साउंड सिस्टम और अन्य उपकरणों की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ट्रकों में छुपाकर बाहर ले जाने की कोशिश की
ओसीस प्रोडक्शन कंपनी में कार्यरत कर्मचारी महफूज और अखिलेश ने कंपनी के महंगे उपकरणों को चोरी कर दूसरी इवेंट कंपनी को बेचने की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने उपकरणों को बचार ट्रकों में छुपाकर बाहर ले जाने की कोशिश की। ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर ने कंपनी मैनेजर भावना को बताया कि ट्रक बैंक द्वारा खींच लिया गया है। इस पर मैनेजर को शक हुआ और उन्होंने तुरंत थाना फेस-1 पुलिस को शिकायत दी।
लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर तीन टीमों का गठन
शिकायत मिलते ही पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की योजना का पर्दाफाश कर दिया। सभी उपकरण बरामद कर कंपनी को सौंप दिए गए।
नोएडा पुलिस का आभार व्यक्त किया
सामान सुरक्षित वापस मिलने के बाद कंपनी मैनेजर भावना ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और नोएडा पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस तेजी और गंभीरता से कार्रवाई की, उससे कंपनी को बड़ा नुकसान होने से बच गया।