
नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर एक संदिग्ध परिस्थिति में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के गेट नंबर 5 के पास बेसमेंट के एग्जिट प्वॉइंट पर व्यक्ति चादर बिछाकर लेटा मिला था। गार्ड द्वारा इमरजेंसी में ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे अस्पताल के गार्ड विनोद अपने साथी के साथ राउंड पर थे। उन्होंने बेसमेंट में एक व्यक्ति को चादर पर लेटा देखा। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर हिलाने पर व्यक्ति बेहोश पाया गया। मामला संदिग्ध लगने पर गार्ड ने सीएमएस व अन्य स्टाफ को सूचना दी और उसे इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहचान की कोशिशें जारी: थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है। उसके शरीर पर हरी वर्दी जैसी शर्ट थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी फैक्ट्री में गार्ड के रूप में कार्यरत रहा होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
पुलिस अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति लापता है या इस संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी है, तो तुरंत सेक्टर-39 थाना से संपर्क करें।