पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र में सोमवार को अक्षरधाम के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मंडावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को मंडावली थाने में अक्षरधाम के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंडावली पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर मामले से संबंधित आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
घटनास्थल का जिला क्राइम टीम ने भी बारीकी से निरीक्षण किया और मौके की फोटोग्राफी की।
इसके बाद अज्ञात शव को सुरक्षित रखने तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (एलबीएस) की मोर्चरी में भेज दिया गया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान स्थापित करने के प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।