UP BJP president: उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई है। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी और अंतिम दिन नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम सामने आ जाएगा। 12 दिसंबर को प्रदेश परिषद सदस्यों की सूची जारी होगी, इसके बाद 13 दिसंबर को दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। अगर एक से अधिक प्रत्याशी नामांकन करते हैं, तो 14 दिसंबर को मतदान होगा और उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। संगठन ने चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है और प्रदेश नेतृत्व बदलने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
आखिरी रणनीति पर आज अहम बैठक
चुनाव से पहले आज शाम लखनऊ में बड़ी बैठक बुलाई गई है। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में नए अध्यक्ष को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी और नामांकन से पहले पार्टी की रणनीति और अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। चुनाव को लेकर पार्टी के अंदर जिस तरह के कयास लग रहे हैं, वे 13 दिसंबर की नामांकन प्रक्रिया के बाद साफ हो जाएंगे।
पीयूष गोयल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की पूरी प्रक्रिया का प्रभार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सौंपा गया है। उनके नेतृत्व में चुनाव से जुड़ी रणनीति और प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। कई नेताओं का मानना है कि इस बार मतदान की नौबत आने की संभावना कम है और चुनाव निर्विरोध होने के संकेत मिल रहे हैं। परिषद की बैठक में पीयूष गोयल नए अध्यक्ष के नाम का प्रस्ताव रख सकते हैं, जिस पर मुख्यमंत्री सहित सभी प्रमुख नेता समर्थन जताएंगे और इसके बाद प्रदेश बीजेपी के नए अध्यक्ष का आधिकारिक ऐलान हो जाएगा।