UP News: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का अवसर दिया है। इसके लिए सोमवार दो नवंबर से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय कर दिया गया है। यह सुविधा 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
इन चीजों में कर सकेंगे सुधार
बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, विद्यार्थी अपने नाम और माता-पिता के नाम की वर्तनी, विषय, वर्ग, लिंग, जाति, हिंदी अथवा अंग्रेजी माध्यम और फोटो में सुधार करा सकेंगे। कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी ठीक कराया जा सकेगा। संस्थागत और व्यक्तिगत दोनों श्रेणियों के परीक्षार्थियों के विवरणों में संशोधन की व्यवस्था की गई है।
16 नवंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में देना होगा आवेदन
ऑनलाइन बदलाव की प्रक्रिया संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने लॉगइन से पूरी करेंगे। वहीं, जन्मतिथि, विद्यार्थी अथवा माता-पिता के पूरे नाम में परिवर्तन और नियमानुसार विवरण डिलीट या पुनर्स्थापित कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। प्रधानाचार्यों को आवश्यक अभिलेखों के साथ 16 नवंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आवेदन देना होगा।
समयसीमा के बाद संशोधन का अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद संशोधन का अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा। इसके लिए विद्यार्थी अपने विद्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। संशोधन संबंधी जानकारी के लिए मेरठ, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों से भी संपर्क किया जा सकता है।